महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आज 125वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडिया गेट पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा (Hologram Statue) का अनावरण करेंगे। पीएम मोदी ने शुक्रवार को इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की ग्रेनाइट से बनी भव्य प्रतिमा लगाए जाने का ऐलान किया था। पीएम ने यह भी कहा था कि जब तक वो प्रतिमा तैयार नहीं हो जाती तब तक उस जगह पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा मौजूद रहेगी। पीएम मोदी आज शाम को इस होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री ने आज इस अवसर पर ट्वीट कर नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की शुभकामनाएं भी दी। पीएम ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को हमारे राष्ट्र के लिए नेताजी के महत्वपूर्ण योगदान पर गर्व है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी किया याद
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि नेताजी को भारत कृतज्ञतापूर्वक श्रद्धांजलि देता है। स्वतंत्र भारत के विचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए नेताजी ने जो साहसी कदम उठाए वो उन्हें एक राष्ट्रीय प्रतीक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी के आदर्श और बलिदान हर भारतीय को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी दी श्रद्धांजलि
गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस को याद करते हुए उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। उन्होंने अपने असाधारण देशप्रेम, अदम्य साहस व तेजस्वी वाणी से युवाओं को संगठित कर विदेशी शासन की नींव हिला दी। मातृभूमि के लिए उनका अद्वितीय त्याग, तप व संघर्ष सदैव देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।’
अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की
अमित शाह ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की स्वतंत्रता में नेताजी के अतुलनीय योगदान को चिरस्मरणीय बनाए रखने हेतु उनकी जयंती को देशभर में ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने का अभिनव कार्य किया है। शाह ने कहा कि यह आने वाली पीढ़ियों में नेताजी के ओजस्वी विचारों व आदर्शों को सींचने का काम करेगा। बता दें कि नेताजी की राष्ट्र के लिए निस्वार्थ सेवा का सम्मान करने और उन्हें याद करने के लिए, भारत सरकार ने हर साल 23 जनवरी को उनके जन्मदिन को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया है।
सभी देशवासियों को पराक्रम दिवस की ढेरों शुभकामनाएं।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें मेरी आदरपूर्ण श्रद्धांजलि।
I bow to Netaji Subhas Chandra Bose on his Jayanti. Every Indian is proud of his monumental contribution to our nation. pic.twitter.com/Ska0u301Nv